Ranchi News : झारखंड के कई जिलों में आज 14 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं कुछ इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. यानी बारिश होने के साथ-साथ उमस भी बढ़ेगी. इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
आईएमडी के अनुसार, 15 से 17 सितंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है. इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. लोगों को बारिश के दौरान खुले मैदान और पेड़ के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें
राजधानी में भी हल्की बारिश होने की संभावना
राजधानी रांची की बात करें तो आज यहां भी बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
15 सितंबर को भी रांची में बारिश की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रह सकता है. 16 सितंबर की बात करें तो इस दिन अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है.
17 सितंबर को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. मौसम विभाग की मानें तो 18 और 19 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ-साथ कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
सामान्य से 4 फीसदी कम बारिश
मॉनसून की बात करें तो 1 जून से अब तक झारखंड में 869.4 मिमी बारिश हुई है. सामान्य तौर पर इस अवधि में 906.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से 4 फीसदी कम बारिश हुई है.
आंकड़ों के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. यहां सामान्य से 45 फीसदी अधिक यानी 1317.5 मिमी बारिश हुई है. वहीं पाकुड़ में सबसे कम बारिश हुई है. यहां सामान्य से 48 फीसदी कम यानी 528.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

