Search

 
 
 

Jharkhand Weather: कई जिले हीट वेव की चपेट में, तो कई में आंधी व बारिश का अलर्ट

Ranchi: झारखंड में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली है. पिछले 24 घंटों के दौरान पलामू जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
 
  • डाल्टनगंज सबसे गर्म, कई जिलों में तापमान 41°C के पार

Ranchi: झारखंड में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली है.

 

पिछले 24 घंटों के दौरान पलामू जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बोकारो में भी तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक है. इसके अलावा सरायकेला में 41.9 डिग्री, पूर्वी सिंहभूम में 41.6 डिग्री, पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 41.4 डिग्री और रांची में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

 

मौसम विभाग ने गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, बोकारो और धनबाद जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. अगले 24 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. 21 और 22 अप्रैल को भी इन जिलों के साथ राज्य के दक्षिणी हिस्सों में लू का असर बना रहने की संभावना है.

 

भीषण गर्मी के बीच कुछ इलाकों में राहत भी देखने को मिली है. सिमडेगा के बानो में 2.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जमशेदपुर में भी हल्की बूंदाबांदी हुई. लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा.

 

मौसम केंद्र रांची के अनुसार, आज राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी भागों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तर-पूर्वी हिस्से में साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में असर देखने को मिल सकता है. वहीं दक्षिणी भाग में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भी आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है. 

 

राजधानी रांची में आज बादल छाए रहने और गरज के साथ बिजली कड़कने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे लू से बचने के लिए दोपहर में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और खुद को सुरक्षित रखें.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही