Ranchi News : झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा. राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 16 सितंबर को कुछ इलाकों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है.
इसे भी पढ़ें
रांची समेत कई जिलों में आज भी बारिश के आसार
आज 15 सितंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश हो सकती है. राजधानी रांची में भी बादल छाए रहने और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी-मध्य अरब सागर से गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है. वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और इसके आसपास तटीय ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है. इन मौसमी सिस्टम के कारण झारखंड में बारिश की स्थिति बनी हुई है.
20 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर
16 और 17 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. 16 सितंबर को रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रह सकता है. वहीं 17 सितंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है.
18 से 20 सितंबर के बीच भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. 18 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. वहीं रांची में भी गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं. 19 और 20 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
रांची में एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
16 सितंबर को खास सावधानी
मौसम विभाग ने 16 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी दी है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. ऐसे मौसम में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी जाती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

