Ranchi News : जेपीएससी की पीजीटी परीक्षा को लेकर आजसू प्रमुख सुदेश महतो 14 सितंबर को बोकारो डीसी अजय नाथ झा पर हमलावर हो गए. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर बोकारो डीसी को कटघरे में खड़ा किया.
लेकिन कुछ ही देर बाद उनके ही पूर्व साथी हिंमाशु कुमार ने उनके दावे की पोल खोल दी. इसके साथ ही उन्हें चुनौती भी दी कि अगर उनमें दम है तो नगर विकास व रोड निर्माण में हुई गड़बड़ी पर बोल कर देखें.
इसे भी पढ़ें
डीएमएफटी घोटाले के साक्ष्यों को मिटाने का लगाया आरोप
दरअसल, 14 सितंबर को सुदेश महतो ने एक्स पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा. उन्होंने लिखा कि बोकारो के एक परीक्षा केंद्र के 102 से 147 अभ्यर्थी सफल हुए. नियुक्ति घोटाले के मुख्य आरोपी अभय तिवारी ने भी उसी केंद्र में परीक्षा दी थी और सफल हुआ था.
सुदेश महतो ने आगे लिखा कि परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ व निष्पक्ष तरीके से परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होती है. बोकारो के उपायुक्त राज्य के मुख्यमंत्री के चहेते झा जी हैं.
इसके अलावा सुदेश महतो ने बोकारो के डीसी पर डीएमएफटी घोटाले के साक्ष्यों को मिटाने का भी आरोप लगाया. साथ ही मुख्यमंत्री को कई तरह के सलाह व सुझाव दे डाले. सुदेश महतो ने यह सब एक हिंदी दैनिक में प्रकाशित खबर को टैग करते हुए लिखा.
सुदेश के पूर्व सहयोगी ने उनके दावे पर उठाये सवाल
इसके कुछ देर बाद ही हिमांशु कुमार ने सुदेश महतो के पोस्ट को कॉपी करते तथ्यों को रखा. वे लंबे समय तक सुदेश महतो के साथ काम कर चुके हैं. हिमांशु कुमार ने लिखा कि जेपीएससी पीजीटी-2023 की परीक्षा 18 अगस्त से 10 सितंबर 2023 के बीच हुई थी.
वहीं जेएसएससी-सीजीएल-2023 की परीक्षा 21 व 22 सितंबर 2024 को हुई थी. दोनों परीक्षाओं के वक्त अजय नाथ झा बोकारो के उपायुक्त नहीं थे. अजय नाथ झा 27 मई 2025 को बोकारो के डीसी बने. इसलिए इन दोनों परीक्षाओं में परीक्षा केंद्र में अगर कोई ग़ड़बड़ी हुई है, तो इसके लिए झा जी कैसे जिम्मेदार होंगे.
हिमांशु कुमार यहीं नहीं रुके. उन्होंने सुदेश महतो को चुनौती देते हुए कहा कि रांची में रविंद्र भवन के निर्माण में घोटाला हुआ है. प्राक्करित राशि में बार-बार बढ़ोतरी की गई. आपकी पार्टी के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने तीन पन्ने के साथ पथ निर्माण में भ्रष्टाचार के खिलाफ लिखा. इनके खिलाफ कार्रवाई की बात करिये.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

