Nitish Thakur
Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिला की आनंदपुर प्रखंड के रोबोकेरा पंचायत भवन और रुंघीकोचा पंचायत के तेंताड़ी में बुधवार को जेएसएलपीएस के तत्वावधान में आजीविका महिला संकुल संगठनों की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई. दोनों कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत माझी शामिल हुए. कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर महिला सदस्यों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ विधायक का स्वागत किया. विधायक समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर आमसभा का उद्घाटन किया.
इसे भी पढ़ें...
इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा कि महिलाओं का उत्थान और सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास की मजबूत कड़ी है. जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होती हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव परिवार और समाज पर पड़ता है. जेएसएलपीएस के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका के नए साधन विकसित कर रही हैं.
इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है. उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाली नहीं, बल्कि परिवार और समाज की आर्थिक शक्ति भी हैं. महिलाओं के हाथ में आर्थिक मजबूती आएगी तो परिवार मजबूत होगा और परिवार मजबूत होगा तो झारखंड आगे बढ़ेगा. उन्होंने महिलाओं से अपने हुनर और सामूहिक शक्ति का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ाने का आह्वान किया.
आमसभा में महिला समिति की सदस्यों ने संगठन की उपलब्धियों, आर्थिक गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की. इस दौरान विधायक को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मुखिया जाम्बी कच्छप, स्नेहा तोपनो, थाना प्रभारी लालू प्रसाद, बीपीएम पौलुस टोप्पो, उप प्रमुख दीपक एक्का सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जेएसएलपीएस कर्मी, महिला समिति की सदस्य और ग्रामीण मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

