Ranchi News: 12वीं राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में झारखंड ने पहली बार देश के टॉप तीन राज्यों में जगह बनाते हुए रजत पदक हासिल किया है. आर्मी स्कूल रामगढ़ के छात्र पूरव जैन ने यह उपलब्धि हासिल की. वहीं, चतरा जिले के गिद्धौर स्थित गंगा स्मारक उच्च विद्यालय के दीपक कुमार को भी राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 60 पुरस्कार विजेताओं में स्थान मिला.
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत किया. पूरव जैन को रजत पदक के साथ प्रमाण पत्र, मोमेंटो और लैपटॉप दिया गया.
इसे भी पढ़ें:
https://lagatar.in/bihar-boat-capsizes-in-vaishali-13-people-including-11-children-die-incident-in-raghopur-area
पूरव जैन ने बिजली की खपत पर नजर रखने के लिए एक अभिनव उपकरण का विचार प्रस्तुत किया. इस परियोजना को बीआईटी मेसरा में आयोजित मेंटरशिप कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम ने और बेहतर बनाया. वहीं, दीपक कुमार ने ‘स्मार्ट बोरवेल पाइप कटर’ से जुड़ा नवाचार प्रस्तुत किया.
इस उपलब्धि पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद और इंस्पायर अवॉर्ड मानक की राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी नीलम आईलीन टोप्पो ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी. उन्होंने घोषणा की कि राज्य स्तर पर भी विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा.
दिल्ली में झारखंड की टीम के साथ सहायक राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. शाहनवाज कुरैशी, डॉ. नूतन कुमारी सिन्हा, राम कुमार दास, मनु कुमारी, अभिषेक राज और दिनकर स्वराज भी शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
