Ranchi News: झारखंड में अग्निशमन सेवा को आधुनिक बनाने की तैयारी तेज हो गई है. राज्य के फायर स्टेशनों को बहुत जल्द 40 आधुनिक मीडियम दमकल वाहन मिलने वाले हैं. 3000 लीटर क्षमता वाली इन हाईटेक वाहनों को अक्टूबर में तैनात किया जाएगा.
रांची पहुंच चुके हैं सभी वाहन
ये सभी 40 दमकल वाहन रांची पहुंच चुके हैं. इन वाहनों को पटना की मोरजो मोटर्स ने विशेष रूप से तैयार किया है. फिलहाल इन्हें धुर्वा स्थित अग्निशामालय सह केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में रखा गया है. यहां तकनीकी टीम की देखरेख में इन्हें सुरक्षित खड़ा किया गया है.
इसे भी पढ़ें -
वाहनों की चल रही डीप लिफ्ट टेस्टिंग
आपात स्थिति में पंप की ताकत सुनिश्चित करने के लिए इन वाहनों की डीप लिफ्ट टेस्टिंग चल रही है. इस प्रक्रिया में पानी खींचने और फेंकने के दबाव को परखा जा रहा है. टेस्टिंग की यह पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद इन सभी वाहनों का विधिवत रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा.
अक्टूबर के पहले हफ्ते में होंगे रवाना
वाहनों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें राज्य के विभिन्न हिस्सों में भेजा जाएगा. अक्टूबर के पहले हफ्ते में इन वाहनों को जरूरत के अनुसार 44 फायर स्टेशनों पर तैनात कर दिया जाएगा. इससे राज्यभर में आग बुझाने के काम में काफी तेजी आएगी.
पहले ही रवाना हो चुके हैं 58 मिनी दमकल
गौरतलब है कि राज्य की अग्निशमन सेवा को कुल 132 अत्याधुनिक दमकल वाहनों से लैस किया जाना है. इसमें से 58 छोटे (Mini) दमकल वाहनों को मुख्यमंत्री पहले ही हरी झंडी दिखाकर रवाना कर चुके हैं. संकरी गलियों में आग पर तुरंत काबू पाने के लिए इन छोटे वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है. जबकि और 34 बड़े वाहनों को शामिल किया जाना है. अगले एक महीने में ये वाहन भी रांची पहुंच जाएंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

