Search

 
 
 

धनबाद में झामुमो का 54वां स्थापना दिवस, CM हेमंत की हुंकार- बनाएंगे सशक्त व आत्मनिर्भर झारखंड

कोयलांचल की हृदयस्थली धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 54वां स्थापना दिवस पूरे जोश, उत्साह और शक्ति प्रदर्शन के साथ मनाया गया. हर वर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. जिससे पूरा मैदान झामुमो के झंडों, बैनरों और नारों से गूंज उठा.
 

Dhanbad: कोयलांचल की हृदयस्थली धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 54वां स्थापना दिवस पूरे जोश, उत्साह और शक्ति प्रदर्शन के साथ मनाया गया. हर वर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. जिससे पूरा मैदान झामुमो के झंडों, बैनरों और नारों से गूंज उठा.

Uploaded Image

पार्टी ध्वजारोहण से हुई शुरुआत

यह पहला अवसर था जब पार्टी के संस्थापक एवं दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन की अनुपस्थिति में स्थापना दिवस मनाया गया. मंच की मुख्य कुर्सी पर उनकी तस्वीर रखी गई, जिसके बगल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बैठे. कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वजारोहण से हुई. मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और दिवंगत शिबू सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.

Uploaded Image

पुरानी व्यवस्थाओं पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री सह पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में विपक्ष और पुरानी व्यवस्थाओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड के लोगों को लंबे समय तक हाशिये पर रखा गया और राज्य को केवल मजदूर राज्य की पहचान देकर उसके संसाधनों का दोहन किया गया.

 

स्थानीय युवाओं को हक देना होगा

उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि इस छवि को बदलकर झारखंड को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाया जाए. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार ने निजी क्षेत्र और कोयला आउटसोर्सिंग कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का कानून लागू किया है. कंपनियों को हर हाल में स्थानीय युवाओं को उनका हक देना होगा. 

 

स्थानीय अधिकारों से समझौता नहीं

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय अधिकारों से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा. वहीं झारखंड आंदोलन के शहीदों को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदान के कारण ही आज राज्य अपनी पहचान और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ पा रहा है.

 

झामुमो के राष्ट्रीय विस्तार के संकेत

इस अवसर पर नेताओं ने झामुमो के राष्ट्रीय विस्तार का संकेत भी दिया. पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि झामुमो अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहेगा. पार्टी असम में आगामी चुनाव लड़ेगी और इसे राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा.

‘कैसे लेंगे झारखंड-लड़ के लेंगे झारखंड’

पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झामुमो का लक्ष्य पार्टी को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाना है. उन्होंने राज्य गठन के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि कैसे लेंगे झारखंड—लड़ के लेंगे झारखंड सिर्फ नारा नहीं, बल्कि आंदोलन की आत्मा था. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक झारखंड के आदिवासियों और मजदूरों का शोषण हुआ, लेकिन झामुमो ने हमेशा उनके हक की लड़ाई लड़ी.

मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन भले ही शारीरिक रूप से मंच पर मौजूद नहीं हैं लेकिन उनकी विचारधारा हर कार्यकर्ता के साथ है.

 

दिशोम गुरु को भारत रत्न देने की मांग

सभा को संबोधित करते हुए टुंडी विधायक मथुरा महतो ने केंद्र सरकार से दिवंगत शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की. उन्होंने कहा कि इस मांग को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा. उन्होंने पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि भारत रत्न से कम मंजूर नहीं है.

 

अधिकारों की लड़ाई का शंखनाद

धनबाद का यह स्थापना दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं बल्कि आगामी चुनावों और स्थानीय अधिकारों की लड़ाई का शंखनाद साबित हुआ. भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने साफ संकेत दिया कि झामुमो आने वाले समय में झारखंड के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में है.

 

ये रहें शामिल

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे. मंच पर सुदिव्य कुमार सोनू, हफीजुल हसन, योगेंद्र महतो, मथुरा महतो, उमाकांत रजक, केंद्रीय प्रवक्ता विनोद पांडेय, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, पूर्व विधायक बेबी देवी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही