Search

4 फरवरी को धनबाद में JMM मनाएगी स्थापना दिवस, सीएम हेमंत सोरेन होंगे शामिल

Dhanbad: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) का धनबाद से ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है. 4 फरवरी 1972 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में ही पार्टी की नींव रखी गई थी. तभी से हर वर्ष इस दिन जेएमएम अपना स्थापना दिवस धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में धूमधाम से मनाती आ रही है. 

Uploaded Image

इस वर्ष भी 4 फरवरी को स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा. जिसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. मंगलवार को राज्य सरकार के मुख्य सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो गोल्फ ग्राउंड में पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने मंच, पंडाल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. 


मथुरा प्रसाद महतो ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी स्थापना दिवस समारोह भव्य रूप से आयोजित होगा. कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे.

 

उन्होंने कहा कि इस बार का स्थापना दिवस कार्यक्रम कई मायनों में खास है. स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर हुई बैठक में भाजपा से धनबाद के पूर्व मेयर रहे चंद्रशेखर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष जेएमएम की सदस्यता ग्रहण की. उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी. उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर अग्रवाल को धनबाद मेयर पद का प्रत्याशी बनाया गया है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके समर्थन में खड़ी है.

 

वहीं जेएमएम में शामिल हुए पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, वह उसका पूर्ण पालन करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे.

 

बता दें कि इससे पहले जेएमएम ने केंद्रीय सदस्य नीलम मिश्रा को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया था और उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया था. हालांकि अग्रवाल के पार्टी में शामिल होने के बाद पार्टी ने रणनीति में बदलाव करते हुए उन्हें समर्थन देने का फैसला किया है.

 

स्थापना दिवस को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पार्टी की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. धनबाद का ऐतिहासिक गोल्फ ग्राउंड एक बार फिर जेएमएम के शक्ति प्रदर्शन का गवाह बनने जा रहा है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp