Ranchi News: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने रांची में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. JMM रांची जिला समिति और रांची महानगर समिति के संयुक्त नेतृत्व में 30 सितंबर को लोक भवन के सामने प्रदर्शन किया जाएगा. कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा.
JMM महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं. उन्होंने दावा किया कि मीडिया रिपोर्ट और आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कई फैसलों पर आयोग के दो अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार लिखित आपत्ति दर्ज कराई है.
इसे भी पढ़ें:
विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि अन्य चुनाव आयुक्तों की चिंताओं को नजरअंदाज कर Special Intensive Revision के दौरान मतदाता सूची से बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं. उन्होंने नियमों में एकतरफा बदलाव किए जाने का भी आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि JMM चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन कर रहा है. पार्टी की मुख्य मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की है.
JMM की ओर से बताया गया कि प्रदर्शन में रांची क्षेत्र के केंद्रीय समिति के पदाधिकारी और सदस्य, सांसद, विधायक, पार्टी के विभिन्न स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे. पार्टी ने सभी संबंधित नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

