Khunti: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खूंटी जिला इकाई द्वारा बुधवार को नगर भवन में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने की. सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता बिनोद कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिनोद कुमार पांडेय ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल में भी चुनाव से पहले इसी तरह की प्रक्रिया के दौरान कई मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे. उन्होंने कहा कि इससे लोगों के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं.
उन्होंने पार्टी के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) से अपील की कि वे SIR प्रक्रिया को गंभीरता से लें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे.
कार्यक्रम में तमाड़ विधायक विकास मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया और खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने भी अपने विचार रखे. विकास मुंडा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को चुनाव की तरह ही SIR प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी. सुदीप गुड़िया ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने पर लोग अपने अधिकारों से वंचित हो सकते हैं. वहीं रामसूर्या मुंडा ने कार्यकर्ताओं से हर पात्र मतदाता का नाम सूची में बनाए रखने के लिए काम करने का आह्वान किया.
सम्मेलन से पहले बिनोद कुमार पांडेय का पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, विधायक सुदीप गुड़िया, रामसूर्या मुंडा और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कचहरी मैदान स्थित भगवान बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा, सरदार भगत सिंह और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया.
कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विशेषज्ञ टीम ने SIR से संबंधित विषयों पर ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया. सम्मेलन का संचालन शंकर सिंह मुंडा ने किया.
इस अवसर पर जिला सचिव सुशील पाहन, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमृत हेमरोम, वीरेन कंडुलना, देवनाथ माघईया, तनवीर आलम, भोला नाथ लाल, विजय सांगा, मकसूद अंसारी, अमरनाथ मुंडा, स्नेहलता कंडुलना, उषा धान, सनिका बोदरा, मनोज मंडल, तौकीर आलम, शेख फिरोज, प्रकाश मुंडा, कमलेश महतो, रूबीन टोपनो, मोजीर अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment