- डीसी से स्टेडियम की सुरक्षा पर होगी चर्चा
- जेपीएल की घटना पर होगा विशेष मंथन
- ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर रहेगा जोर
- जल्द शुरू होगी टिकटों की बिक्री
Ranchi News: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय टी20 (T20) मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच में सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता रणनीति बनाने के लिए कल एक अहम बैठक होगी. यह बैठक जेएससीए (JSCA) प्रबंधन और रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के बीच होगी.
इसे भी पढ़ें:
इस अहम बैठक में मैच के दिन स्टेडियम के अंदर और बाहर की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी. बैठक का मुख्य फोकस दर्शकों को एक सुरक्षित माहौल देने पर होगा. मैच के दौरान भीड़ प्रबंधन को लेकर भी एक विशेष रणनीति तैयार की जाएगी. इससे दर्शकों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
पिछले दिनों झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) के दौरान स्टेडियम में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी. उस घटना से सबक लेते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरतने की तैयारी है. कल होने वाली बैठक में इस मुद्दे पर विशेष रूप से मंथन किया जाएगा. इसके तहत स्टेडियम के हर गेट पर पुलिस बल की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने पर फैसला होगा.
इस अहम बैठक में सुरक्षा के साथ-साथ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी जोर दिया जाएगा. मैच के दिन स्टेडियम की ओर जाने वाले रास्तों के लिए विशेष रूट चार्ट तैयार किया जाएगा. इसके अलावा दर्शकों के वाहनों के लिए पार्किंग की मुकम्मल व्यवस्था पर भी चर्चा होगी. बैठक के बाद ट्रैफिक और पार्किंग से जुड़ी गाइडलाइन जारी की जाएगी.
मैच के सफल आयोजन के लिए जेएससीए (JSCA) की कमेटी ऑफ मैनेजमेंट (COM) भी लगातार सक्रिय है. आयोजन के सुचारू संचालन के लिए एक विशेषज्ञ एजेंसी का चयन कर लिया गया है. अब अगले दो दिनों के भीतर टिकटों के दाम भी तय कर लिए जाएंगे. इसके तुरंत बाद क्रिकेट फैंस के लिए टिकटों की बिक्री शुरू कर दी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

