Ranchi News : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 शुद्धिपत्र जारी किया है. सुप्रीम कोर्ट के 17 सितंबर 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में आयोग ने यह संशोधन किया है.
इसे भी पढ़ें...
इसके तहत कक्षा 6 से 8 के भाषा शिक्षक के संशोधित परीक्षाफल से संबंधित शब्दावली में बदलाव किया गया है. वहीं, विज्ञापन की शर्तों में अस्पष्टता के कारण 67 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल लंबित रखा गया है.
आयोग की ओर से जारी शुद्धिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में प्रकाशित परीक्षाफल की कंडिका 03 में अब 'पूर्व प्रकाशित परीक्षाफलों को रद्द करते हुए' के स्थान पर 'पूर्व प्रकाशित परीक्षाफलों को संशोधित करते हुए' पढ़ा जाएगा. यह बदलाव स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) के भाषा शिक्षक के संशोधित परिणाम के संदर्भ में किया गया है.
इसके अलावा विज्ञापन की कंडिका 05 और 11 में शामिल शर्तों में अस्पष्टता के कारण 67 अभ्यर्थियों का परीक्षाफल लंबित रखा गया है. आयोग ने इन अभ्यर्थियों की पंजीयन संख्या भी जारी की है. वहीं, विज्ञापन की कंडिका 05 की शर्तें पूरी नहीं करने और परिणाम प्रकाशन की तिथि तक 60 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर लेने के कारण छह अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन रद्द कर दिया गया है.
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 3 नवंबर 2026 को जारी आवश्यक सूचना संख्या 105 की शेष सभी कंडिकाएं और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

