- जेएसएससी-सीजीएल धांधली की सीबीआई जांच की मांग
Ranchi News : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय सेठ ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज आपातकाल के काले दौर की याद दिलाता है. उन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है.
संजय सेठ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच में देश से पहले उनकी पार्टी आती है. पार्टी से भी पहले उनका परिवार आता है. उनका दोहरा चरित्र अब पूरी तरह सामने आ चुका है. झारखंड की सरकार बैसाखी के सहारे चल रही है. इसी वजह से राहुल गांधी इस पूरे मामले पर चुप बैठे हैं.
उन्होंने कहा कि हमारे देश की न्यायिक प्रणाली दुनिया में सबसे बेहतरीन है. अदालत भी देख रही है कि छात्रों को कैसे ठगा गया है. उन्होंने सीआईडी की जांच और कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अरुण कुमार के खिलाफ सीआईडी के पास पुख्ता सबूत हैं. इसके बाद भी चार साल से उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस घोटाले में कई बड़ी मछलियां शामिल हैं. इसलिए पूरा देश इस मामले की सीबीआई जांच चाहता है.
संजय सेठ ने पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष नीलिमा केरकेट्टा का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह एक ईमानदार अधिकारी थीं. उन्होंने साल 2024 में धांधली को लेकर सरकार को चिट्ठी लिखी थी. इसके बाद भी सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया. उन्होंने प्रतिबंधित कंपनी टीडीपीएल को ठेका देने पर भी सवाल खड़े किए.
उन्होंने राहुल गांधी को रांची आकर छात्रों की बात सुनने की चुनौती दी. उन्होंने मांग की कि लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के फुटेज निकाले जाएं. उन सभी पर एफआईआर दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी हो. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मुख्यमंत्री से दोषियों पर कार्रवाई करवाएं, या फिर इस सरकार से अपना समर्थन वापस लें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

