Ranchi Court News : झारखंड में जेएसएससी-सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षा को लेकर जारी विवाद अब अदालत की चौखट तक पहुंच गया है. सरकार के परीक्षा रद्द करने के आदेश के खिलाफ नवनियुक्त चयनित पदाधिकारियों ने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है.
चयनित अभ्यर्थियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा और अधिवक्ता अमृतांश वत्स ने केस दाखिल किया है. अदालत में याचिका दाखिल होने के बाद अब मामले की त्वरित सुनवाई की मांग की गई है. अधिवक्ताओं की टीम अदालत में याचिका को जल्द से जल्द मेंशन कराने में जुटे हैं, ताकि मामले पर अविलंब सुनवाई शुरू हो सके.
नवनियुक्त अधिकारियों का पक्ष है कि बिना किसी कानूनी आधार और बिना उनका पक्ष सुने पूरी नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करना और उसे निरस्त करना पूरी तरह अनुचित व असंवैधानिक है.
याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि वे कड़ी मेहनत और योग्यता के दम पर नियुक्त होकर विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. ऐसे में मौखिक या प्रशासनिक दबाव में आकर उनके भविष्य और आजीविका को खतरे में नहीं डाला जा सकता है.
सड़क पर मानव श्रृंखला बनाने और विरोध प्रदर्शन करने के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों ने न्यायिक प्रक्रिया के जरिए अपनी सेवा सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई का रुख किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

