- नियुक्ति रद्द होने के विरोध में प्रोजेक्ट भवन के बाहर डटे हैं अभ्यर्थी
Ranchi News : जेएसएससी सीजीएल (JSSC-CGL) परीक्षा रद्द करने के फैसले के विरोध में चयनित अभ्यर्थी प्रोजेक्ट भवन के बाहर डटे हुए हैं. अपनी सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर अड़े अभ्यर्थियों ने गुरुवार की पूरी रात प्रोजेक्ट भवन के सामने सड़क पर ही गुजारी.
दिनभर चले प्रदर्शन के बाद रात में भी अभ्यर्थी मौके से नहीं हटे. उन्होंने सचिवालय के मुख्य द्वार के बाहर खुले आसमान के नीचे सड़क पर सोकर अपनी रात बिताई. अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार का मौखिक निर्णय उनके भविष्य पर सीधा कुठाराघात है. जब तक सरकार नियुक्ति रद्द करने के फैसले को वापस नहीं लेती, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं.
अभ्यर्थियों ने साफ किया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं. वे दिन-रात सचिवालय के बाहर डटकर सरकार तक अपनी पीड़ा पहुंचाना चाहते हैं. प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने दोहराया कि उन्होंने मेहनत के दम पर नौकरी हासिल की है.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई अभ्यर्थी विभिन्न विभागों में लंबे समय से अपना दायित्व संभाल रहे हैं. ऐसे में बिना किसी ठोस आधार के पूरी परीक्षा निरस्त करना न्यायसंगत नहीं है. उनकी मांग है कि सरकार तत्काल उनके पक्ष में ठोस निर्णय ले. जब तक लिखित रूप से उनकी सेवा सुरक्षित रखने का आश्वासन नहीं मिलता, उनका यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



