Ranchi News: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्त्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के तहत आयोजित संताली भाषा की परीक्षा रद्द कर दी है. यह परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी. आयोग ने प्रश्न पत्र में कई गड़बड़ियां मिलने के बाद यह फैसला लिया है. अब इस परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी.
परीक्षा के बाद संताली भाषा के प्रश्न पत्र को लेकर अभ्यर्थियों ने आयोग के समक्ष कई आपत्तियां दर्ज कराई थीं. अभ्यर्थियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने प्रश्न पत्र की जांच विषय विशेषज्ञों से कराई. विशेषज्ञों की समीक्षा में कई सवाल त्रुटिपूर्ण और अस्पष्ट पाए गए. इसके अलावा कुछ प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम (सिलेबस) से बाहर के भी थे.
विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने 19 जुलाई को आयोजित संताली भाषा की परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया. आयोग के अनुसार, परीक्षा की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.
इसे भी पढ़ें -
जल्द जारी होगी पुनर्परीक्षा की तिथि
आयोग ने स्पष्ट किया है कि संताली भाषा की परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी. हालांकि अभी परीक्षा की नई तिथि घोषित नहीं की गई है. पुनर्परीक्षा का कार्यक्रम और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से www.jssc.nic.in पर अपडेट देखते रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

