Sports News: एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को शानदार खेल का मुजाहिरा किया. भारतीय टीम ने पूल ए के एकतरफा मुकाबले में इंडोनेशिया को 14-0 से हराया. कप्तान अनमोल एक्का, प्रभदीप सिंह और अजीत यादव ने गोल किए. तीनों ने मिलकर 12 गोल दागे. प्रभदीप सबसे ज्यादा गोल 5 गोल कर 'प्लेयर ऑफ द मैच' के लिए चुने गए. वहीं, कप्तान अनमोल ने चार गोल और यादव ने तीन गोल किए.
जबकि, हरपाल और आशु मौर्य ने एक-एक गोल किए. भारत ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और प्रभदीप ने पांचवें मिनट में गोल करके खाता खोल दिया. जिसके बाद हरपाल ने आठवें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया. पहला क्वार्टर समाप्त होने तक भारतीय टीम 2-0 से आगे रही.
इसे भी पढ़ें:
दूसरे क्वार्टर के 16वें मिनट में अनमोल ने गोल किए. उसके चार मिनट बाद यादव ने एक और गोल करके स्कोर 4-0 पहुंचा दिया. वहीं, प्रभदीप ने 26वें और 30वें मिनट में गोल करके हाफ-टाइम तक भारत को 6-0 की बड़ी बढ़त दिला दी.
ब्रेक के बाद भी भारतीय टीम दबदबा बनाए रखा. अनमोल ने 35वें और 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का स्कोर 8-0 तक पहुंचा दिया. लेकिन तीसरे क्वार्टर के खत्म होने से ठीक पहले प्रभदीप ने फिर से गोल कर स्कोर 9-0 कर दिया.
आखिरी क्वार्टर में भारत ने पांच और गोल किए. बता दें, यह इंडोनेशिया की लगातार दो मैचों में दूसरी हार थी. इससे पहले इंडोनेशिया को शुक्रवार को दक्षिण कोरिया से 0-9 से हार मिली थी. भारत गोल अंतर के आधार पर पूल ए में टॉप पर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

