Search

 
 
 

JUT की एमटेक थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा अब 22 जून से

झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (JUT) द्वारा M.Tech 3rd सेमेस्टर परीक्षा 2025 (सत्र 2024–26) के कार्यक्रम में लगातार किए जा रहे बदलावों ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है.
 

Ranchi: झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (JUT) द्वारा M.Tech 3rd सेमेस्टर परीक्षा 2025 (सत्र 2024–26) के कार्यक्रम में लगातार किए जा रहे बदलावों ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है. अलग-अलग अधिसूचनाओं में परीक्षा तिथियों और एडमिट कार्ड डाउनलोड की तारीखों में बदलाव होने से छात्रों के बीच असमंजस और तनाव की स्थिति बन गई है.

 

विश्वविद्यालय की ओर से जारी अलग-अलग सूचनाओं में पहले परीक्षा 15–16 जून 2026 को प्रस्तावित बताई गई और एडमिट कार्ड 12 जून से डाउनलोड करने की जानकारी दी गई. इसके बाद संशोधित कार्यक्रम में परीक्षा 17–18 जून कर दी गई और एडमिट कार्ड 15 जून से उपलब्ध कराने की बात कही गई. बाद में जारी एक और संशोधित अधिसूचना में परीक्षा की नई तिथियां 22–23 जून 2026 तय की गईं तथा एडमिट कार्ड डाउनलोड की तारीख भी बदलकर 18 जून कर दी गई.

 

लगातार बदलती तारीखों को लेकर छात्रों में नाराजगी और असमंजस देखा जा रहा है. विद्यार्थियों का कहना है कि वे परीक्षा की तैयारी, यात्रा, रहने की व्यवस्था और अन्य शैक्षणिक योजनाएं तय नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि आखिर परीक्षा किस दिन आयोजित होगी.

 

कई छात्रों का कहना है कि हर कुछ दिनों में नई अधिसूचना आने से मानसिक दबाव बढ़ रहा है और तैयारी की रणनीति प्रभावित हो रही है. छात्रों ने मांग की है कि विश्वविद्यालय एक अंतिम और स्पष्ट परीक्षा कार्यक्रम जारी करे और भविष्य में बार-बार बदलाव से बचने के लिए बेहतर समन्वय सुनिश्चित करे. टेक्निकल छात्र संघ से छात्रों ने इस मुद्दे में हस्तक्षेप करने की मांग की है.

 

हालांकि, विश्वविद्यालय की ओर से संशोधित कार्यक्रम जारी कर संबंधित संस्थानों—JUT रांची, BIT सिंदरी, CIT रांची और RVSCET जमशेदपुर—को छात्रों तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. लेकिन लगातार हो रहे बदलावों ने विद्यार्थियों के बीच यह सवाल खड़ा कर दिया है कि परीक्षा की अंतिम तारीख आखिर कौन-सी मानी जाए.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही