Gumla News: गुमला जिले के सिसई, गुमला एवं बिशुनपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की प्रक्रिया का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें:
इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को दस्तावेज सत्यापन हेतु प्राप्त नोटिस एवं उसके सुनवाई हेतु समर्पित किए जाने वाले दस्तावेजों के संबंधित निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर की प्रक्रिया को जीरो एरर के लक्ष्य के अनुरूप तैयार किया गया है, इसमें प्रत्येक पदाधिकारियों के स्तर पर वेरिफिकेशन एवं जवाबदेही तय है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बन रहे एसआईआर के दस्तावेज को भविष्य के लिए परमानेंट डाक्यूमेंट के रूप में संरक्षित रखना है. भविष्य में इसकी महत्वता को देखते हुए पदाधिकारियों को एसआईआर द्वारा निर्मित मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित तैयार करना अनिवार्य है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय समूह के मतदाताओं से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं एसआईआर से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि जनजातीय समूह के मतदाताओं के दस्तावेज संबंधी विवरण विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं विभागों के अभिलेखों में उपलब्ध हैं. ऐसे में मतदाताओं के उपलब्ध सरकारी अभिलेखों का नियमानुसार उपयोग करते हुए उनके दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए.
उन्होंने कहा कि सुनवाई केंद्रों पर टोकन सिस्टम को सुविधा रखा जाए जिससे अधिक भीड़ न हो, साथ ही प्रत्येक मतदाताओं को उनका पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर मिले.
उन्होंने कहा कि मतदाताओं द्वारा प्राप्त दावों और आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए.विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

