Ranchi News: मध्य प्रदेश के कटनी स्थित माधवनगर के किसना ज्वेलर्स शोरूम में हुई 12 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने झारखंड के एक गिरोह के सदस्य बदरुद्दीन खान को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है. शनिवार रात उसे कटनी लाया गया. न्यायालय में पेशी के बाद पुलिस को आरोपी की आठ दिनों की रिमांड मिली है. हालांकि, अब तक चोरी हुए हीरे और सोने के आभूषण बरामद नहीं किए जा सके हैं.
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने शोरूम और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान शोरूम के अंदर लगे कैमरे में एक संदिग्ध मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते दिखाई दिया. पुलिस ने इसे अहम सुराग मानते हुए साइबर टीम की मदद से तकनीकी जांच शुरू की. मोबाइल फोन से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस की टीम कोलकाता पहुंची और घेराबंदी कर बदरुद्दीन खान को गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ऑटो से रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. इसके बाद सतना की ओर जाने वाली ट्रेन से फरार हो गए. पुलिस अब आरोपियों के भागने के रास्ते और उनके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है.
जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह ने चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी तैयारी की थी. चार संदिग्ध 10 नवंबर को रेलवे स्टेशन के पास सब्जी मंडी क्षेत्र स्थित गणपति प्लाजा में ठहरे थे. इनमें से दो लोगों ने होटल में पहचान संबंधी दस्तावेज जमा कराए थे. पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने किसना ज्वेलर्स को निशाना बनाने से पहले शहर के दूसरे ज्वेलरी शोरूम की भी रेकी की थी. इसके बाद पहाड़ी की तरफ से शोरूम की दीवार में सेंध लगाकर करोड़ों रुपये के हीरे और सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए.
झारखंड और प्रयागराज में पुलिस की छापेमारी
बदरुद्दीन खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है. इसके लिए अलग-अलग पुलिस टीमें झारखंड और प्रयागराज में छापेमारी कर रही हैं. पुलिस को आशंका है कि चोरी किए गए आभूषण गिरोह के अन्य सदस्यों के पास हैं. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर जेवरों की बरामदगी और गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

