Ranchi News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने MMDR संशोधन को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विरोध किसी राजनीति के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के खनिज अधिकार, राज्य के राजस्व और आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए है.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि आदित्य साहू को बताना चाहिए कि अगर MMDR संशोधन झारखंड के हित में है तो भाजपा राज्य के खनिज संसाधनों और राजस्व के अधिकार को लेकर परेशान क्यों है. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, छात्रों का भविष्य, विस्थापन, आदिवासी अधिकार और खनिज संपदा झारखंड की जनता के बड़े मुद्दे हैं. इन मुद्दों का जवाब देने के बजाय भाजपा कांग्रेस पर आरोप लगा रही है.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने भाजपा के इस आरोप पर भी सवाल उठाया कि कांग्रेस झारखंड को एटीएम बनाती है. कमलेश ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा को बड़े कारोबारी घरानों के लिए खोलने की कोशिश किसने की, यह जनता जानती है. भाजपा को आरोप लगाने से पहले केंद्र सरकार के फैसलों और खनिज क्षेत्र में किए गए बदलावों का हिसाब देना चाहिए.
कोयला चोरी और अवैध खनन के आरोपों पर उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहले यह बताएं कि इनपर कार्रवाई की जिम्मेदारी किसकी है. उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और केंद्रीय एजेंसियां, सुरक्षा बल और कोयला मंत्रालय भी केंद्र के अधीन हैं. ऐसे में चोरी रोकने में नाकामी का पूरा जिम्मा राज्य सरकार पर डालना सही नहीं है.
BCCL को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी कमलेश ने भाजपा से तथ्य और दस्तावेज सामने रखने को कहा. उन्होंने सवाल किया कि अगर बड़े स्तर पर कोयला चोरी हो रही थी तो केंद्र सरकार और केंद्रीय कोयला मंत्रालय ने अब तक क्या कार्रवाई की.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा सिर्फ कमाई का जरिया नहीं है. यह यहां की जनता, आदिवासियों और आने वाली पीढ़ियों की संपत्ति है. अगर MMDR संशोधन से राज्यों के अधिकार या राजस्व पर असर पड़ता है तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है. जिला मुख्यालयों पर धरना और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन इसी आंदोलन का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि भाजपा के आरोपों के बावजूद कांग्रेस झारखंड के हितों से जुड़े इस मुद्दे को जनता के बीच उठाती रहेगी.
कमलेश ने आदित्य साहू से तीन सवालों का जवाब मांगा. उन्होंने पूछा कि MMDR संशोधन से झारखंड को क्या फायदा होगा, राज्य के राजस्व पर इसका क्या असर पड़ेगा और खनिज संपदा पर राज्यों के अधिकारों की सुरक्षा कैसे होगी.
उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार और राजस्व की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है. भाजपा इस मुद्दे को दबाने की जितनी कोशिश करेगी, कांग्रेस उतनी ही मजबूती से इसे जनता के बीच उठाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

