Search

रिम्स-2 को लेकर सरकार व ADB के बीच अहम बैठक, 4200 करोड़ की परियोजना पर हुई चर्चा

Ranchi : झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया. रिम्स-2 निर्माण परियोजना को लेकर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एशियन डेवलपमेंट बैंक की टीम के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई.

 

एडीबी की टीम रांची में रिम्स-2 परियोजना के फैक्ट फाइंडिंग मिशन के तहत पहुंची है. बैठक में परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण योजना, वित्तीय प्रबंधन, अस्पताल की क्षमता, भवन डिजाइन, पर्यावरणीय सुरक्षा और भविष्य की स्वास्थ्य जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई.

 

बैठक में बताया गया कि रिम्स-2 को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा, मेडिकल शिक्षा, रिसर्च और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं से लैस एक बड़े स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा. सरकार का लक्ष्य है कि झारखंड के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़े.

 

अजय कुमार सिंह ने कहा कि रिम्स-2 का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार किया जाएगा. अस्पताल का इंफ्रास्ट्रक्चर, मेडिकल सुविधा, तकनीकी व्यवस्था और कंसल्टेंसी पूरी तरह वर्ल्ड क्लास स्तर की होगी. उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश भी दिया.

 

बैठक में जानकारी दी गई कि इस परियोजना पर कुल 4200 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसमें से करीब 2600 करोड़ रुपये का लोन एशियन डेवलपमेंट बैंक उपलब्ध कराएगा. आने वाले छह महीनों में लोन प्रक्रिया और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने की योजना है.

 

अधिकारियों के अनुसार दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है. सरकार का प्रयास है कि परियोजना को दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाए.

 

बैठक में अस्पताल को सेल्फ सस्टेनिंग मॉडल पर विकसित करने को लेकर भी चर्चा हुई, ताकि भविष्य में संस्थान आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो सके.

 

इस दौरान लोन रेडीनेस, कंसल्टेंट चयन, फंड मैनेजमेंट, पर्यावरणीय सुरक्षा, स्टाफिंग पैटर्न और तकनीकी विशेषज्ञों की नियुक्ति जैसे कई विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया. बैठक में स्वास्थ्य विभाग के उप सचिव ध्रुव प्रसाद, जेएसबीसीसीएल के अधिकारी, विभागीय पदाधिकारी और एडीबी के प्रतिनिधि मौजूद रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//