Khunti News: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में गर्भवती युवती (19 वर्षीय) की हत्या कर दी गई है. आठ महीने की गर्भवती युवती का शव रविवार को को पंगुरा गांव के जंगल से बरामद किया गया. शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने दोहरे हत्याकांड की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. साथ ही आरोपी प्रेमी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें
प्रेमी ने दूसरी युवती को रखा
पुलिस के अनुसार, मृतका अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. करीब दो वर्षों से उसका पंगुरा गांव निवासी 20 वर्षीय सागर ओड़ेया के साथ प्रेम संबंध था. इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई. बताया जा रहा है कि वह सागर से अपने साथ-साथ अजन्मे बच्चे को भी स्वीकार करने और साथ रखने की मांग कर रही थी. इसी बीच सागर ने युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी. करीब दो महीने पहले उसने ढुकू प्रथा के तहत दूसरी युवती को अपने घर में रखना शुरू कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा.
बच्चे के हक की मांग करने पहुंची थी प्रेमी के घर
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर को युवती अपने होने वाले बच्चे के हक की मांग को लेकर सागर के घर पहुंची थी. इसके बाद 4 सितंबर से उसका कोई पता नहीं चला. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो खोजबीन तेज की गई.
रविवार को पंगुरा गांव के जंगल में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की
मुरहू थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि युवती के साथ उसका विवाद चल रहा था. इसी विवाद से बचने के लिए वह उसे बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले गया और वहां उसकी हत्या कर दी.
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. हत्या में इस्तेमाल किए गए तरीके, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आरोपी के बयान का सत्यापन किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

