New Delhi : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने KVS और NVS भर्ती परीक्षा 2025 के Tier-II परिणाम जारी कर दिए हैं. CBSE की ओर से 5 सितंबर 2026 को जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) हिंदी और ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT) हिंदी के Tier-II परिणाम घोषित किए गए हैं.
इससे पहले KVS और NVS में प्रिंसिपल पद का Tier-II परिणाम 3 सितंबर 2026 को जारी किया गया था. अभ्यर्थी अपने पद के अनुसार व्यक्तिगत रिजल्ट और शॉर्टलिस्टिंग स्टेटस आवेदन पोर्टल पर लॉगिन करके देख सकते हैं.
जिन पदों की चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू शामिल है, उनके लिए जारी परिणाम यह दर्शाता है कि अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट हुआ है या नहीं. इन पदों के अंतिम परिणाम और इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों की मार्कशीट अंतिम परिणाम जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाएगी.
वहीं, जिन पदों की चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू शामिल नहीं है, उनके लिए Tier-II के अंक रिजल्ट की घोषणा के साथ ही संबंधित अभ्यर्थी के लॉगिन में उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
CBSE ने यह भी बताया है कि जिन पदों के लिए भर्ती अधिसूचना के तहत अभ्यर्थियों को पद या संगठन की प्राथमिकता (Preference) देनी है, वे आवेदन पोर्टल पर लॉगिन कर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी पसंद दर्ज कर सकते हैं. अभ्यर्थियों को प्राथमिकता भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
बाकी पदों के Tier-II परिणाम भी तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से जारी किया जाएगा. अभ्यर्थियों को KVS, NVS और CBSE की आधिकारिक वेबसाइट के साथ अपने आवेदन पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

