Gumla News: रायडीह प्रखंड से सिस्टम की बदहाली की तस्वीर सामने आई है. तस्वीर के माध्यम आप यह दृश्य देख सकते है जो रायडीह प्रखंड के कोब्जा पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती बेंदवाकोना गांव का है. ग्रामीणों के अनुसार, गांव की बदहाल सड़क को लेकर पूर्व में उपायुक्त द्वारा भी निरीक्षण किया जा चुका है, इसके बावजूद सड़क निर्माण अब तक नहीं हो सका है. सड़क की स्थिति ऐसी है कि गांव तक एंबुलेंस भी नहीं पहुंच पा रही है. इसका खामियाजा एक प्रसव पीड़ित महिला और उसके परिवार को भुगतना पड़ा.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों के अनुसार, महिला को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी. मजबूर होकर ग्रामीणों ने महिला को बहंगी के सहारे लगभग 2 किलोमीटर तक ढोकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया. इसके बाद महिला को वाहन के माध्यम से सदर अस्पताल, गुमला ले जाया गया.
यह तस्वीर सिर्फ एक गांव की परेशानी नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधा की जमीनी हकीकत को सामने लाती है. सवाल यह है कि जब गांव तक सड़क नहीं पहुंचेगी, तो आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल कैसे पहुंचाया जाएगा?
ग्रामीणों की मांग है कि बेंदवाकोना गांव की सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी मरीज, गर्भवती महिला या जरूरतमंद व्यक्ति को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.ये हमारे झारखंड की जमीनी स्थिति है एवं यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
