Search

 
 
 

लखीसराय : 2 बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में 2 युवकों की मौत

बिहार के लखीसराय में भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो  गई है. ताजा मामला लखीसराय नगर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर–बिलौरी रोड की है जहां दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई.
 

Lakhisarai : बिहार के लखीसराय में भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो  गई है. ताजा मामला लखीसराय नगर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर–बिलौरी रोड की है जहां दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई.

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल है. घटना रविवार देर रात की है. घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई.

 

हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेजा. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया.

 

इस हादसे में जिन दो युवकों की जान गई, उनकी पहचान ओफापुर गांव निवासी नरेश यादव के 20 वर्षीय बेटे संतोष कुमार और हीरा चौधरी के 20 वर्षीय बेटे सूरज कुमार के रूप में की गई है. दोनों युवक काफी कम उम्र के थे और उनकी मौत से परिवारों में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

 

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य लोगों की पहचान बिलौरी गांव निवासी साधो यादव के 50 वर्षीय बेटे दयानंद यादव और करण यादव के 45 वर्षीय बेटे लाल बाबू यादव के रूप में हुई है. दोनों घायलों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है.

 

घटना की सूचना मिलते ही कवैया थानाध्यक्ष अमित कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष मो. तैयब भी अस्पताल पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया में जुट गए. पुलिस के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. 


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ पाएगी.

 

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय सड़क की स्थिति कैसी थी और क्या किसी तरह की रोशनी या संकेत की कमी थी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही