Latehar: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के नगड़ा ग्राम के समीप सोमवार को देर शाम अज्ञात अपराधियों ने कोयला लदे एक हाईवा को आग के हवाले कर दिया. अपराधियों ने गाड़ी को निशाना बनाते हुए,पहले पत्थरबाजी की. इसके बाद अपराधियों टायर में गोली मारकर गाड़ी को रूकवाया और आग के हवाले कर दिया. इस दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए गोलियां भी चलाई. घटना शाम करीब 7:15 बजे की है
जानकारी के अनुसार, मगध कोलियरी (चमातू) से अदानी ग्रुप का कोयला लेकर एक हाईवा (जेएच 19-3276) बालूमाथ साइडिंग की ओर जा रहा था. जैसे ही वाहन नगड़ा ग्राम स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के समीप पहुंचा, अचानक 3 पैदल अपराधी सड़क पर आ धमके. अपराधियों ने पहले वाहन को रोकने के लिए उस पर पत्थरबाजी की, लेकिन जब चालक ने गाड़ी नहीं रोकी, तो पिछले टायर को निशाना बनाकर गोली चला दी.
हाईवा के रुकते ही अपराधियों ने चालक जगन्नाथ गंझु को हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया. चालक के अनुसार अपराधियों ने अपने साथ लाए तेल को वाहन पर छिड़क दिया और उसमें आग लगा दी. देखते ही देखते हाईवा में लदा कोयला जलने लगा. चालक ने बताया कि तीन अपराधी सामने से आए, जबकि उसके 2 अन्य साथी दूर से पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए थे.
अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के बाद चालक धमकी देते हुए कहा कि बिना मैनेज किए क्षेत्र में कोयला ढुलाई का काम नहीं होगी. वारदात के बाद अपराधी अंधेरे का लाभ उठाते हुए जंगलों की ओर भाग निकले.
घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. तत्काल तेतरियाखांड कोलियरी से दमकल की गाड़ी बुलाई गई. मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया. थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है. जल्द ही दोषी पुलिस की गिरफ्त में होंगे. इधर, इस घटना के बाद कोयला कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment