Latehar News : उपायुक्त संदीप कुमार ने मंगलवार को शहर के राजहार में महिला, बाल विकास व सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, महिलाओं व बालिकाओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं और सुरक्षा व संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को केंद्र में आने वाली पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं के प्रतिसंवेदनशील हो कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इसके बाद उपायुक्त ने शहर के धर्मपुर स्थित जिला बाल संरक्षण इकाई, लातेहार के द्वारा संचालित बाल गृह का भी निरीक्षण किया. उन्होंने बाल गृह में बच्चों के रहने, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा व अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली. उपायुक्त ने बच्चों के सर्वांगीण विकास व बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों व कर्मियों को निर्देशित किया कि बाल संरक्षण व महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए सरकार द्वारा निर्धारित मानकों व प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा श्रेयांश सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

