Latehar News : जिले के संवेदक अब अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन के मूड में हैं. उनका सब्र का बांध अब टूट चुका है. विगत कई महीनों से भुगतान व अन्य समस्याओं से जूझ रहे जिले के संवेदकों ने विधायक प्रकाश राम को उनकी समस्याओं का समाधान करने की गुहार लगाई है.
जिला संवेदक संघ के अध्यक्ष राजन तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल विधायक राम से मुलाकात की और अपनी मांगों को रखा. संवेदकों ने विधायक ने उनकी मांगों का निराकरण करने का आग्रह किया. जिला अध्यक्ष तिवारी ने कहा कि जिले के संवेदक वर्तमान में बहुत ही विषम परिस्थित से गुजर रहे हैं.
सरकारी व प्रशासनिक लापरवाहियों व बंदिशों के कारण जिले के संवेदक भारी आर्थिक संकट और कर्ज के तले जी रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अगर संघ की मांगों का समाधान नहीं करता है तो संवेदक संघ जन आंदोलन करने को बाध्य होगा.
उन्होंने कहा कि संघ की प्रमुख मांगों में स्थानीय संवेदकों को प्राथमिकता देते हुए तत्कालीन उपायुक्त गरिमा सिंह द्वारा जारी पत्रांक-906, दिनांक 29.08.2024 के आदेश को सख्ती से लागू करने, डीएमफटी की 10 प्रतिशत कटी राशि का भुगतान करने, सीएसआर व एसीए मद में लंबित करोड़ों रुपये का भुगतान करने, बाहरी व्यक्ति का जिला परिषद में किया गया निबंधन रद्द करने, जिला परिषद व एनआरएपी की निविदा ऑफलाइन कराने तथा नई रॉयल्टी चालान नीति को वापस लेने की मांग शामिल है.
संघ ने आरोप लगाया कि रॉयल्टी चालान की नई व्यवस्था के कारण ग्रामीण कार्य, भवन प्रमंडल एवं जिला परिषद की कई योजनाओं का भुगतान महीनों से लंबित है. विधायक ने संवदेकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान कराने का भरोसा दिया.
मौके पर उपाध्यक्ष रंजीत जायसवाल, मो. मोज्जमिल, कोषाध्यक्ष रविकान्त पासवान, रंजन प्रसाद, मो. एहसान, अजय गुप्ता, कृष्णा यादव, सुनील पाण्डेय, अशोक गुप्ता, अनवर अंसारी, कामिल अंसारी, इमदाद आलम, पवन गुप्ता, सूर्यदेव प्रसाद, प्रमोद महतो, आसिफ आगा सहित दर्जनों संवेदक मौजूद थे.

