Latehar News : लातेहार डीसी संदीप कुमार ने जिले में वित्तीय सेवाओं को आम लोगों तक सुलभ बनाने के लिए वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान-2026 का शुभारंभ किया. यह अभियान 31 दिसंबर तक जिले के सभी ग्राम पंचायतों व शहरी स्थानीय निकायों में चलेगा. इसके तहत विभिन्न बैंकों के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित कर आम लोगों को बैंकिंग व वित्तीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा.
इसे भी पढ़ें
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत नए बैंक खाते खोलने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा व अटल पेंशन योजना के तहत पात्र लाभुकों का नामांकन, आधार सीडिंग, बैंक खातों को सक्रिय करने व Re-KYC जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत आवेदन प्राप्त करने, बचत खातों व लॉकरों को अद्यतन करने, सीकेवाईसी नंबर सृजन व लंबे समय से निष्क्रिय बैंक खातों, बीमा और शेयर संबंधी राशि के निपटान के लिए भी सहायता प्रदान की जाएगी.
अभियान के तहत आम लोगों को वित्तीय समावेशन योजनाओं व डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग वित्तीय सेवाओं से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें. डीसी ने संबंधित अधिकारियों व बैंक प्रतिनिधियों को अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पहल करने का निर्देश दिया. मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, एलडीएम नरेन्द्र श्रीवास्तव, डीआईओ ओमेंद्र सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

