Latehar News : लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. बाइक पर पीछे बैठी उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा पुराना पोस्ट ऑफिस के पास हुआ. अमूल दूध लदे टाटा मैजिक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, चंदवा के हिसरी ग्राम निवासी पिंटू उरांव अपनी पत्नी अशिता देवी के साथ बाइक से करमा पर्व के अवसर पर अपनी बेटी को लाने के लिए कुड़ू जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही टाटा मैजिक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में पिंटू उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अशिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घायल अशिता देवी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार सिंह ने बताया कि टाटा मैजिक को जब्त कर लिया गया है. वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

