Latehar News : लातेहार जिले में राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है. डीसी संदीप कुमार ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर पोषण जागरूकता रथ को रवाना किया. समाहरणालय परिसर में आयोजित समारोह में डीडीसी सैयद रियाज अहमद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें
राष्ट्रीय पोषण माह आठ अक्टूबर तक चलेगा. इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है. जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को पोषण के महत्व, संतुलित आहार, बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता व आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका के प्रति जागरूक करेगा.
डीसी ने कहा कि पोषण केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त भविष्य का आधार भी है. उन्होंने आमजनों से पोषण माह के दौरान आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने और बच्चों व महिलाओं के पोषण के प्रति सजग रहने की अपील की.
जागरूकता रथ के माध्यम से पोषण संबंधी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी. साथ ही, “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश को बढ़ावा दिया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

