Latehar News : शहर के धर्मपुर पथ स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में शनिवार को जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के निर्देश पर विभाग के द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया.
मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में रोड सेफ्टी इंजीनियर ऋषिराज उपस्थित थे. इससे पहले प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने उन्हें उत्सर्ग पत्रिका भेंट कर स्वागत किया. ऋषिराज ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित रहना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. यातायात नियमों का पालन केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए भी आवश्यक है. उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही निर्धारित श्रेणी का वाहन चलाना चाहिए.
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य है. यातायात संकेतों और सड़क चिह्नों का पालन करना चाहिए. उन्होंने नशे में वाहन नहीं चलाने की बात कही.
उन्होंने कहा कि सड़क पर कोई घायल दिखाई दे तो मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए उसे शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए.
प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना एक अच्छे और जिम्मेदार नागरिक की पहचान है. अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी ही सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण आधार हैं. मौके पर कई शिक्षक और छात्र मौजूद थे.

