Latehar News : जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के कुरो मोड़ के समीप बुधवार को करीब सवारी वाहन और बाइक के बीच हुई टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद सवारी वाहन चालक मौके से फरार हो गया. घायलों की पहचान केवरकी निवासी असीम टोप्पो, पिता निर्मल टोप्पो और मिरगी निवासी गोडसन किस्पोट्टा, पिता संजय किस्पोट्टा के रूप में हुई है.
दुर्घटना में असीम टोप्पो के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी है और पैर दो स्थानों पर टूट गया है.वहीं गोडसन किस्पोट्टा के कान और पैर में गंभीर चोट आई है. घटना के बाद ग्रामीणों व परिजनों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए गोडसन किस्पोट्टा को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.

