Latehar : लातेहार जिला प्रशासन ने जिस महिला को 18 माह पहले मृत बताकर उसकी पेंशन बंद कर दी थी, वह शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई में प्रकट हो गयी. यह देख जनसुनवाई के ज्यूरी भी दंग रह गये. दरअसल, जिले के बरवाडीह प्रखंड कार्यालय के पुराने परिसर में शुक्रवार को स्वशासन अभियान व संयुक्त ग्रामसभा मंच की ओर से जनसुनवाई का आयोजन किया गया. इसी दौरान प्रखंड की मारवाई पंचायत की एक लाभुक भुखली देवी उठ खड़ी हुई.
उसने ज्यूरी मेंबरों को बताया कि उसे 18 माह पहले रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया और उसकी पेंशन भी बंद कर दी गई है, जबकि वह जीवित है. इस पर ज्यूरी ने नाराजगी जाहिर की. ज्यूरी सदस्य जेम्स हेरेंज ने कहा कि वृद्ध, विधवा व दिव्यांगों के लिए पेंशन जीने का आसरा है. ऐसे में महिला लाभुक की पेंशन महीनों तक बंद रहना चिंताजनक है.
पेंशन ऑपरेटर पप्पू कुमार ने बताया कि तकनीकी कारणों से रुके हुए मामलों के समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है. उसने भरोसा दिलाया कि सभी लंबित पेंशन मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाएगा. ज्यूरी सदस्य मिथलेश कुमार ने प्रखंड प्रशासन डीबीटी से संबंधित लाभुकों की सूची ग्राम स्वशासन अभियान के साथ साझा करने की बात कही.
इससे पहले जनसुनवाई की शुरुआत जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी व कन्हाई सिंह, प्रमुख सुशीला देवी, संयुक्त ग्राम सभा मंच के अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, ज्यूरी सदस्य जेम्स हेरेंज व मिथलेश कुमार ने संयुक्त रूप से की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

