Search

 
 
 

झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय में AI और लोकतंत्र पर व्याख्यान

CUJ के राजनीति एवं लोक प्रशासन विभाग द्वारा यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर और रेवेंशॉ विश्वविद्यालय के भूतपूर्व कुलपति प्रो. प्रकाश सारंगी का एक व्याख्यान आयोजित किया गया.
 

Ranchi : CUJ के राजनीति एवं लोक प्रशासन विभाग द्वारा यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर और रेवेंशॉ विश्वविद्यालय के भूतपूर्व कुलपति प्रो. प्रकाश सारंगी का एक व्याख्यान आयोजित किया गया. अपने संबोधन में प्रो. सारंगी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक साधन है, साध्य नहीं. लोकतंत्र जिन उद्देश्यों के लिए कार्य करता है, उन उद्देश्यों की प्राप्ति ही हमारा अंतिम लक्ष्य होना चाहिए.

 

 

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब हम ‘विकसित भारत’ का सपना देख रहे हैं, तब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी युगानुकूल तकनीक का सकारात्मक और विवेकपूर्ण उपयोग करना अनिवार्य हो जाता है. तकनीक को मानव मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों के अनुरूप प्रयोग किया जाना चाहिए.

 

कार्यक्रम का प्रास्ताविक विभाग की सहायक आचार्या डॉ. राजर्षि पाधी ने किया. उन्होंने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लगभग हर क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है. ऐसे में राजनीति विज्ञान के छात्रों के लिए यह समझना आवश्यक है कि इसका समाज और लोकतंत्र पर क्या प्रभाव पड़ेगा. इस दृष्टि से यह व्याख्यान अत्यंत महत्वपूर्ण है.

 

सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन डॉ. आलोक कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की. अपने अध्यक्षीय भाषण में उन्होंने विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और लोकतंत्र के संबंधों पर गंभीर विमर्श की आवश्यकता है.

 

कार्यक्रम का आभार प्रकटीकरण विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. शशांक कुलकर्णी ने किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अकादमिक व्याख्यान आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे.इस अवसर पर प्रो. आर. के. डे, प्रो. कुंज बिहारी पांडा, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. उपेंद्र कुमार, डॉ. नागापवन, डॉ. अपर्णा, डॉ. संजय कुमार अग्रवाल, डॉ. प्रीती सिंह, डॉ. नरेश बुराडा सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही