Ranchi News: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका के खिलाफ भाकपा माले समेत वामदलों एवं जनसंगठनों ने शनिवार को अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन किया. इस दौरान पुतला दहन कर प्रतिवाद सभा आयोजित की गई. प्रदर्शनकारियों ने SIR पर तत्काल रोक लगाने, मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की.
भाकपा माले केंद्रीय कमिटी सदस्य शुभेन्दु सेन ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि SIR के नाम पर यदि वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं, तो इसका सीधा असर लोगों के मताधिकार पर पड़ेगा. चुनावी प्रक्रिया को किसी भी सत्तारूढ़ सरकार के राजनीतिक हित का साधन नहीं बनने दिया जा सकता.
इसे भी पढ़ें -
supply-at-rims-suspended-for-two-days-patients-and-their-attendants-in-wards-are-facing-distress
नंदिता भट्टाचार्य ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए. उन्होंने SIR को रद्द करने, वोट के अधिकार की रक्षा करने और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की.
सभा में दिल्ली के जंतर-मंतर पर नागरिक प्रतिवाद में शामिल दीपांकर भट्टाचार्य, योगेन्द्र यादव, आइसा केंद्रीय अध्यक्ष नेहा, महासचिव प्रसेनजीत सहित अन्य लोगों को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ भी एकजुटता जताई गई.
प्रदर्शन में मोहन दत्ता, शांति सेन, नंदिता भट्टाचार्य, भीम साहू, गीता तिर्की, विजय कुमार, सुहानी मेहता, सुफियान, निखिल राज, कबीर, प्रवीर पीटर समेत दर्जनों लोग शामिल रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
