Lohardaga News : लोहरदगा शहर स्थित जामा मस्जिद और हजरत बाबा दुखन शाह के मजार शरीफ में कथित तौर पर तोड़फोड़ व धार्मिक ग्रंथ को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है. घटना मंगलवार रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच की बताई जा रही है. बुधवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर मुस्लिम समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोगों ने जामा मस्जिद के सामने जुटकर विरोध जताया.
इसे भी पढ़ें
स्थानीय लोगों ने इस मामले में एक युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है. पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में युवक के परिजनों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही है.
अंजुमन इस्लामिया ने सदर थाना में आवेदन देकर युवक पर जामा मस्जिद और मजार शरीफ परिसर में घुसकर तोड़फोड़ करने और धार्मिक ग्रंथ को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप लगाया है. मजार की चादर को भी हटाकर फेंकने का आरोप लगाया है.
समाज के लोगों ने आशंका जताई है कि घटना के पीछे बड़ी साजिश हो सकती है. लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर साजिश में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.
नेपाल का रहने वाला है युवक
सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान नौशाद अंसारी के रूप में हुई है. वह नेपाल के मधेश प्रदेश के सप्तरी जिले के राजविराज क्षेत्र का रहने वाला है. उसका ननिहाल बिहार के अररिया जिले में है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक लोहरदगा कैसे पहुंचा और देर रात मस्जिद परिसर में किस तरह प्रवेश किया.
पुलिस ने समय रहते संभाली स्थिति
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस के पहुंचने में देरी होती तो भीड़ युवक के साथ मारपीट कर सकती थी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि युवक के परिजनों से पूछताछ में उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है. मामले को सोशल मीडिया के जरिए तूल दिया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

