Search

मधुपुर उपचुनाव : आज थम जायेगा शोर, 17 को वोटिंग, वोटर्स के लिए जारी की गयी गाइडलाइन

Madhupru: मधुपुर उपचुनाव का चुनावी शोर आज शाम थम जायेगा. 3 हफ्ते से उपचुनाव के लिए पसीना बहा रहे प्रत्याशी, पार्टी और स्टार प्रचारकों का दौरा बंद हो जाएगा. 17 अप्रैल यानी शनिवार को मधुपुर के 487 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जायेंगे. शनिवार को मधुपुर उपचुनाव में खड़े 6 प्रत्याशियों की किस्मत को मधुपुर के 3 लाख 22 हजार मतदाता ईवीएम में कैद करेंगे.

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी प्रत्याशी और स्टार प्रचार आखिरी जोर लगा रहे हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची लौट आये हैं, लेकिन यूपीए के कई नेता आज भी मधुपुर में सभाएं करेंगे. उधर एनडीए से बाबूलाल मरांडी, दीपक प्रकाश समेत कई नेता तूफानी दौरा और जनसंपर्क कर रहे हैं.

487 बूथों पर डाले जायेंगे वोट

मधुपुर में 487 बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डाले जायेंगे. इनमें से शहरी क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या 59 और ग्रामीण क्षेत्र में कुल संख्या 428 है. मतदान केन्द्र के रूप में प्रयुक्त होने वाले भवनों की संख्या 385 है. जिसमें शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्र भवन 38 और ग्रामीण क्षेत्र के मतदान केन्द्र भवन 347 हैं. जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने का दावा किया है.

3.21 लाख वोटर्स करेंगे मताधिकार का प्रयोग

मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता तीन लाख 21 हजार 193 हैं. इनमें पुरुष मतदाता एक लाख 69 हजार 754 हैं. वहीं महिला मतदाता एक लाख 51 हजार 439 हैं. इनमें से 18 से 19 उम्र सीमा के वोटर -310980 हैं और 80 से अधिक उम्र के वोटर 1329  हैं. नि:शक्त मतदाताओं की संख्या-4126 है, सर्विस वोटर की संख्या 316 है.

2019 में हुई थी 74 फीसदी वोटिंग

उपचुनाव में प्रयोग किये जाने वाले वीवीपैट की संख्या 1494 और ईवीएम की संख्या 1494 है. पिछले चुनावों के वोटिंग प्रतिशत की बात करें तो 2009 के विधानसभा चुनाव में 60.76 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2014 के विधानसभा चुनाव 70.00% और 2019 में 74.00 प्रतिशत मतदान हुआ था.

मतदान केंद्र पर स्क्रिनिंग के बाद ही एंट्री

मतदान के दौरान लोगों को कोविड दिशा-निर्देश का पालन करना होगा. इस दौरान लोगों को बूथ पर प्रशासन की ओर से तय की गई दूरी, मास्क, सैनिटाइजर के साथ ही वोट देने दिया जायेगा. इसके पहले मतदाताओं की जांच भी थर्मल स्कैनर से की जायेगी.

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//