Search

 
 
 

धनबाद: जर्जर 11 केवी तार सड़क पर गिरा, करंट से 3 मवेशियों की मौत, मुआवजे को लेकर जाम

जिले के चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या-3 स्थित चढ़ाई मोड़ के पास चिरकुंडा-पंचेत मुख्य सड़क पर जर्जर 11 केवी बिजली तार टूटकर सड़क पर गिर गया.
 

Dhanbad : जिले के चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या-3 स्थित चढ़ाई मोड़ के पास चिरकुंडा-पंचेत मुख्य सड़क पर जर्जर 11 केवी बिजली तार टूटकर सड़क पर गिर गया. 

 

करंट की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया. आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उक्त स्थल पर बांस-बल्ली लगाकर इलाके को घेर दिया ताकि अन्य कोई बिजली तार की संपर्क में न आए. 

 

जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-9 सोनारडंगाल निवासी सुनील यादव रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 8 बजे अपने मवेशियों को चराने के लिए ले जा रहे थे. इसी दौरान सड़क पर गिरे 11 केवी तार की चपेट में आने से उनके तीन मवेशियों की मौत हो गई. सुनील यादव ने बताया कि वे गरीब हैं और उनकी आजीविका पूरी तरह मवेशियों पर निर्भर है.

 

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए चिरकुंडा-पंचेत मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे. लोगों का आरोप है कि जर्जर तार को लेकर कई बार विभाग को सूचना दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.

 

सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने बिजली विभाग को सूचना देते हुए प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है. एहतियातन पुलिस ने उस मार्ग से आवागमन भी रोक दिया है.

 

वहीं, चिरकुंडा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डब्लू बाउरी ने घटना को बिजली विभाग की घोर लापरवाही करार देते हुए कहा कि समय रहते तारों की मरम्मत की जाती तो यह हादसा टल सकता था. उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है.

 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर बिजली तारों को जल्द दुरुस्त किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही