Search

 
 
 

जेन-जी को डीसी की सलाह, रील्स के दौर में सोशल मीडिया का सीमित और सार्थक उपयोग करें

Ranchi News: डीसी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा इंटरनेट, सोशल मीडिया और रील्स के दौर की पीढ़ी है. ऐसे में सोशल मीडिया से दूरी बनाना समाधान नहीं है, बल्कि इसका सीमित और सही दिशा में उपयोग जरूरी है.
 
शिक्षकों के साथ डीसी

Ranchi News: डोरंडा स्थित लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल में सीनियर स्कूल कॉन्सर्ट-2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. छात्राओं ने लुइसा मे अलकॉट की प्रसिद्ध कृति लिटिल वुमन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी. संगीत, नृत्य और अभिनय के शानदार तालमेल ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी.

 

कार्यक्रम के दौरान डीसी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा इंटरनेट, सोशल मीडिया और रील्स के दौर की पीढ़ी है. ऐसे में सोशल मीडिया से दूरी बनाना समाधान नहीं है, बल्कि इसका सीमित और सही दिशा में उपयोग जरूरी है. उन्होंने छात्राओं से सोशल मीडिया का इस्तेमाल ज्ञान, शिक्षा और अकादमिक गतिविधियों के लिए करने की सलाह दी.

इसे भी पढ़ें: 

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपना समय और ऊर्जा उच्च शिक्षा तथा भविष्य निर्माण में लगानी चाहिए. सोशल मीडिया के अत्यधिक और अनावश्यक इस्तेमाल से बचना जरूरी है.

 

उपायुक्त ने छात्राओं को सही मित्र चुनने की सलाह देते हुए कहा कि संगति का व्यक्ति के विचारों और व्यक्तित्व पर असर पड़ता है. ऐसे दोस्तों का साथ चुनें, जो आपको आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया.


डीसी ने कहा कि हर बच्चा खास है और हर व्यक्ति में अलग-अलग क्षमताएं होती हैं.सफलता केवल प्रसिद्धि हासिल करने का नाम नहीं है. अपनी क्षमता के अनुसार बेहतर काम करना और जीवन को सार्थक बनाना भी सफलता है.

 

उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में चुनौतियां आती रहेंगी. अपनी स्ट्रेंथ पहचानें, खुद पर विश्वास रखें और हर चुनौती का सामना करें.शिक्षा के साथ अनुशासन, चरित्र, पारिवारिक मूल्य, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को भी जीवन का हिस्सा बनाएं.

 

कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी आस्था शरण, विद्यालय की प्राचार्या,शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं समेत अभिभावक शामिल थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही