Ranchi : झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक का संघर्ष, जनसेवा के प्रति समर्पण और उनका मार्गदर्शन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा.
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह मंगलवार को रांची स्थित पल्स हॉस्पिटल पहुंचीं, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. इस दौरान उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक केवल एक वरिष्ठ राजनेता नहीं, बल्कि कांग्रेस परिवार के अभिभावक, मार्गदर्शक और जनसेवा के लिए पूर्णतः समर्पित व्यक्तित्व थे.
श्रमिकों, गरीबों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकारों के लिए उनका आजीवन संघर्ष और कार्यकर्ताओं के प्रति उनका आत्मीय व्यवहार हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक ने हमेशा सही राह दिखाई. उनका निधन पूरे झारखंड ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत रूप से उनके परिवार के लिए भी अपूरणीय क्षति है.
इसके बाद दीपिका पांडेय सिंह झारखंड विधानसभा परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित कर विनम्र नमन किया.
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी भाग लिया. सभा में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मन्नान मल्लिक के लंबे सार्वजनिक जीवन, संगठन के प्रति उनके समर्पण और कांग्रेस को मजबूत बनाने में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी.
गौरतलब है कि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक का मंगलवार को रांची स्थित पल्स हॉस्पिटल में 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया. वे लंबे समय से अस्वस्थ थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment