Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की चक्रधरपुर थाना अंतर्गत टोकलो रोड स्थित चुन-चुन टाल में शुक्रवार की शाम भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया.गोदाम में रखे करीब 50 ट्रक से अधिक स्क्रैप सामान जलकर राख हो गए. इस अगलगी में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
शुक्रवार देर शाम बजे टाल में अचानक आग लग गई. आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई. इसके बाद प्रशासन को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई. हालांकि, आग की भयावहता के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. दो दमकलों से आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके बाद चाईबासा से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए.
इसे भी पढ़ें:
इधर, आग की लपटें लगातार तेज होती गईं और गोदाम में रखे स्क्रैप सामान को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान आग के बीच तीन से अधिक बार जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई.आग से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था. आग की बढ़ती लपटों को देखकर आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी चिंतित नजर आए.उन्हें आशंका थी कि कहीं आग उनके घरों तक न पहुंच जाए.
घटना की सूचना मिलते ही विधायक सुखराम उरांव भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. वहीं, आग के कारण टोकलो रोड पर आवागमन प्रभावित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोग भी आग बुझाने में प्रशासन और दमकल कर्मियों का सहयोग करते रहे.
काफी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका. हालांकि, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश स्क्रैप सामान जलकर राख हो चुका था.फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.अगलगी से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन भी नहीं किया जा सका है.देर रात लगभग साढ़े नौ बजे तक आग बुझाने का कार्य जारी था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

