Ranchi News: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू हो सकती हैं. परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह तक पूरी कराने की तैयारी है. इसके लिए 12 नवंबर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी. छात्र-छात्राएं 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे. वहीं, 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने का मौका मिलेगा. जैक ने आवेदन को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं.
इसे भी पढ़ें:
जैक इस बार फरवरी महीने में ही मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं पूरी कराने की तैयारी कर रहा है. परीक्षा का पूरा कार्यक्रम नवंबर के अंतिम सप्ताह तक जारी किया जा सकता है. इसके साथ ही बोर्ड ने अप्रैल के अंत तक रिजल्ट जारी करने का लक्ष्य रखा है. मैट्रिक के साथ इंटर के विज्ञान, कला और वाणिज्य तीनों संकायों का रिजल्ट भी इसी दौरान जारी करने की तैयारी है.
इस बार मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में 7.50 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है. मैट्रिक में करीब 4.30 लाख विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं. वहीं, इंटर के तीनों संकायों में लगभग 3.30 लाख छात्र-छात्राओं के शामिल होने की उम्मीद है. पिछले कुछ वर्षों में भी परीक्षार्थियों की संख्या लगभग इतनी ही रही है.
8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षा भी फरवरी में
जैक फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा भी लेगा. इन तीनों कक्षाओं की परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी. परीक्षा केंद्र मैट्रिक और इंटर के लिए बनाए गए केंद्रों में ही रखे जाएंगे.
सरकार ने जैक को निर्देश दिया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा का रिजल्ट हर हाल में 31 मार्च 2027 से पहले जारी किया जाए. इससे विद्यार्थियों को अगली कक्षा में नामांकन लेने में परेशानी नहीं होगी. साथ ही नए सत्र की पढ़ाई समय पर शुरू हो सकेगी और छात्रों का शैक्षणिक नुकसान नहीं होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

