Dhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के विस्तार और विकास के लिए झारखंड सरकार ने 275.18 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी है. यह राशि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT), धनबाद की निधि से खर्च की जाएगी.
इसे भी पढ़ें:
योजना के तहत मेडिकल कॉलेज में MBBS की सीटें 100 से बढ़ाकर 250 की जाएंगी. इसके साथ ही PG सीटों में भी बढ़ोतरी की योजना है. इससे मेडिकल छात्रों के लिए पढ़ाई के साथ मरीजों के इलाज की सुविधाएं भी बढ़ेंगी.
अस्पताल परिसर में बेसमेंट, ग्राउंड और 8 मंजिल वाला नया अस्पताल भवन बनाया जाएगा. यानी यह B+G+8 भवन होगा. इसके निर्माण पर करीब 118.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
मेडिकल सेवाओं से जुड़े कामों के लिए करीब 46.35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा इलेक्ट्रिकल काम पर 24.05 करोड़, HVAC पर 20.45 करोड़, फायर वर्क पर 3.82 करोड़ और प्लंबिंग पर 2.97 करोड़ रुपये खर्च होंगे. अस्पताल फर्नीचर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और साइट डेवलपमेंट का काम भी योजना में शामिल है.
इस परियोजना का निर्माण कार्य झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड (JSBCCL) के माध्यम से खुली निविदा के जरिए कराया जाएगा. परियोजना को 36 महीने यानी तीन साल में पूरा करना होगा. निर्माण के दौरान स्वीकृत राशि से अधिक खर्च नहीं किया जाएगा.
काम की निगरानी के लिए निर्माण शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद फोटो और वीडियो से सत्यापन किया जाएगा. इंजीनियर नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण करेंगे. हर महीने काम की भौतिक और वित्तीय प्रगति की रिपोर्ट भी देनी होगी.
सरकार की यह मंजूरी 22 दिसंबर 2025 को हुई DMFT न्यास परिषद की बैठक और 25 अगस्त 2026 को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए फैसलों के आधार पर दी गई है. स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने 16 सितंबर 2026 को इससे संबंधित आदेश जारी किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

