Ranchi News: भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक संपन्न हुई. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में जिला और मंडल स्तर की कमेटियों को जल्द पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया. इसके अलावा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जाएगा.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पार्टी कार्यकर्ता अपने घरों, मंदिरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों में आशीर्वाद का दीया जलाएं. उन्होंने कहा कि इन दीयों के जरिए प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी. उन्होंने कहा कि घर-घर जलने वाले इन दीयों से पूरा झारखंड रोशन होगा.
आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से लगातार देश और जनता की सेवा कर रहे हैं. उन्होंने 13 साल गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 साल देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम किया है. उनके नेतृत्व में देश ने विकास के कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने का काम किया है.
उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होंगे. 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. आदित्य साहू ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था ने तेजी से प्रगति की है और देश वैश्विक स्तर पर एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ा है.
बैठक से पहले राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा को भाजपा का राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर बधाई दी.
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत प्रदेश के कई पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

