Ranchi News : झारखंड विधानसभा की विशेष समिति (प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण) की विभागीय बैठक गुरुवार को विधानसभा परिसर स्थित समिति कक्ष संख्या-05 में आयोजित हुई. समिति का गठन धनबाद में ओबी डंप से जुड़े मामलों की जांच और समीक्षा के लिए किया गया है.
बैठक में कंपनियों के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों ने भाग लिया. नगर पुलिस अधीक्षक, धनबाद ने समिति को बताया कि कार्यालय पंजी संख्या-3248, दिनांक 2 सितंबर 2026 के आलोक में बलियापुर के अंचल अधिकारी की प्राथमिकी और थाना कांड संख्या 79/23 में हुए अनुसंधान के आधार पर एम/एस देवप्रभा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक/निदेशक कुंभनाथ सिंह के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए गए हैं.
समिति ने सिजुआ मेलाटांड़ क्षेत्र में टाटा द्वारा उपयोग की जा रही सरकारी जमीन और रैयतों की अधिग्रहित जमीन के एवज में सरकार को किए गए राजस्व भुगतान से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
बैठक में बीसीसीएल को जमीन की सैटेलाइट मापी के लिए आईएसएम धनबाद के साथ जल्द समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया. जमीन से जुड़े सीएनटी और अन्य मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए कैंप लगाने और रैयतों को लंबित भुगतान शीघ्र करने के लिए बीसीसीएल एवं अन्य कंपनियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.
दामोदर नदी में हुए अतिक्रमण के मामले में बीसीसीएल ने छह माह के भीतर अतिक्रमण हटाने पर सहमति जताई समिति ने निर्धारित समयसीमा के भीतर नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया.
बैठक में विशेष समिति के संयोजक मथुरा प्रसाद महतो सहित सदस्य राज सिन्हा, अरूप चटर्जी, चंद्रदेव महतो और सुदीप गुड़िया उपस्थित रहे.
बैठक में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष सचिव, खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर सचिव, धनबाद के उपायुक्त, नगर आरक्षी अधीक्षक, अपर समाहर्ता, डीएफओ सहित बीसीसीएल, ईसीएल, टाटा एवं अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

