Simdega News: सिमडेगा जिला परिषद कार्यालय में आयोजित जिला परिषद बोर्ड की बैठक में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब नाराज जिला परिषद सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया. बैठक से बाहर निकलने के बाद सदस्यों ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के खिलाफ कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया.
जिला परिषद सदस्यों का आरोप है कि बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा जनप्रतिनिधियों के प्रति असंवैधानिक एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया. सदस्यों ने इसे जनप्रतिनिधियों के सम्मान के खिलाफ बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.
इसे भी पढ़ें:
नाराज सदस्यों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक उप विकास आयुक्त अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक जिला परिषद बोर्ड की अगली बैठक का भी बहिष्कार किया जाएगा. सदस्यों ने इस मामले को जनप्रतिनिधियों के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया.
वहीं, पूरे मामले पर उप विकास आयुक्त ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि बैठक शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी. इसी दौरान कुछ सदस्यों को लगा कि उनकी बातों को नहीं सुना जा रहा है, जिसके कारण उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया. उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ असंवैधानिक शब्दों के प्रयोग के आरोपों को गलत बताते हुए इसे निराधार करार दिया.
फिलहाल, जिला परिषद सदस्यों और उप विकास आयुक्त के बीच उत्पन्न इस विवाद से जिला परिषद की कार्यवाही प्रभावित हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

