Ranchi : कोल्हान के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए MGM मेडिकल कॉलेज और अस्पताल को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. आगामी शैक्षणिक सत्र से MBBS की सीटें 150 से बढ़ाकर 250 और PG की सीटें 51 से बढ़ाकर 150 की जाएंगी.
इसके साथ ही अस्पताल में हार्ट, कैंसर, न्यूरोलॉजी और किडनी रोगों के लिए अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं जल्द शुरू होंगी. इसकी तैयारी अंतिम चरण में है.
कॉलेज की आधारभूत संरचना का किया जा रहा विस्तार
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि पीजी सीटों में लगभग तीन गुना वृद्धि से सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और एमजीएम को रीजनल रेफरल सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी.
सीटों में बढ़ोतरी को लेकर कॉलेज और अस्पताल की आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है. नए भवन, आधुनिक उपकरण, प्रयोगशालाएं और स्पेशियलिटी वार्ड विकसित किए जा रहे हैं, ताकि नेशनल मेडिकल कमीशन के मानकों को पूरा किया जा सके.
डेढ़ साल में 1000 बेड वाला अस्पताल बनकर हो जाएगा तैयार
हजार बेड वाला अस्पताल बनाने की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है. वर्तमान में 500 बेड का नया अस्पताल तैयार है. जबकि साकची परिसर में 500 बेड का एक और अस्पताल निर्माणाधीन है.
प्रिंसिपल डॉ. संजय कुमार के अनुसार, अगले डेढ़ साल में दोनों इकाइयों के चालू होने के बाद कुल बेड क्षमता 1000 से अधिक हो जाएगी.
इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन पर 250 करोड़ होंगे खर्च
इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन पर डीपीआर के तहत लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसमें आधुनिक UG और PG हॉस्टल, क्लासरूम, लेक्चर थिएटर, प्रेक्षागृह, प्रयोगशालाएं, कौशल विकास केंद्र और खेल सुविधाएं शामिल हैं.
कैथ लैब भी बनकर तैयार है. यहां जल्द ही मरीजों को सुविधा मिलने लगेगी. राज्य स्तर पर 96 सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी जारी है.
मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा बाहर
इस विस्तार का सीधा कोल्हान की लगभग 50 लाख आबादी को मिलेगा. गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब मरीजों को रांची या कोलकाता नहीं जाना पड़ेगा. वर्तमान में RIMS में इलाजरत मरीजों में कोल्हान के औसतन 20 प्रतिशत मरीज हैं.
एमजीएम के विकसित होने से यह दबाव कम होने की उम्मीद है. फिलहाल स्वीकृत पदों के मुकाबले 46 प्रतिशत डॉक्टर ही कार्यरत हैं, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment